पौड़ी में कमजोर छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिलेगी निशुल्क कोचिंग

पौड़ी गढ़वाल, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए पौड़ी में निशुल्क कोचिंग सेंटर खुल गया है। ईसा फाउंडेशन ने शहर में ईसा कंप्यूटर एजुकेशन एंड कोचिंग सेंटर खोला है। इस सेंटर में कमजोर, ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग करवाई जाएगी।
बुधवार को कोचिंग सेंटर का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि एसडीएम दीक्षिता जोशी ने बच्चों से संवाद किया और फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ईसा फाउंडेशन का यह प्रयास वास्तव में सराहनीय है। यह न केवल बच्चों को शिक्षा और तकनीकी कौशल प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी देगा।
शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है, और जब यह अवसर निशुल्क रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मिलता है, तब यह एक वास्तविक सामाजिक परिवर्तन का सूत्रपात होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण, और कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मक बने रहने की प्रेरणा दी। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि पूर्व अपर शिक्षा निदेशक भूपेंद्र सिंह नेगी, फाउंडेशन के प्रदेश प्रभारी आलोक रावत, सरिता लिंगवाल, धर्म सिंह, अमन, संग्राम सिंह नेगी, मनीष बिष्ट आदि शामिल रहे।
(Udaipur Kiran) / कर्ण सिंह



