Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, 23 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

माैसम

जयपुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। बादल छाने से तापमान में हल्का उछाल आने की संभावना है, जबकि सीमावर्ती इलाकों में बुधवार को घना कोहरा छा सकता है। प्रदेश के 23 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के साथ सबसे कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार फतेहपुर के बाद नागौर में न्यूनतम तापमान 5.6, करौली 5.9, सीकर 6, दौसा 6.2, वनस्थली 6.3, माउंट आबू और अलवर 6.5, सिरोही 6.6, चूरू 6.8, लूणकरणसर 7, पिलानी 7.4, चित्तौड़गढ़ 7.8, झुंझुनूं और बारां 7.9, डबोक 8.7, बीकानेर 9, पाली 9.1, कोटा 9.6, जैसलमेर और भीलवाड़ा 9.7 तथा अजमेर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान जोधपुर में 13.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में हल्के बादल छाए रहे और दिन के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। यहां अधिकतम तापमान 27.6 और न्यूनतम 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को घना कोहरा दर्ज किया गया। वर्तमान में राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर को भी सीमावर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है, जबकि आगामी 3-4 दिन राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 से 22 दिसंबर के बीच पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *