Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

पश्चिमी हवाओं ने लगाई ठंड की रफ्तार पर ब्रेक, तापमान सामान्य से ऊपर

कोलकाता

कोलकाता, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल में पश्चिमी हवाओं के कारण क्रिसमस से पहले कड़ाके की ठंड की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। कोलकाता में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और 21 दिसंबर तक तापमान में गिरावट की संभावना कम बताई जा रही है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि क्रिसमस से पहले तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।

बुधवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। गुरुवार तड़के न्यूनतम तापमान बढ़कर 16.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। यानी बुधवार की तुलना में गुरुवार को भी रात का पारा चढ़ा रहा है। इस दौरान शहर की हवा में आर्द्रता का स्तर अधिकतम 92 प्रतिशत और न्यूनतम 46 प्रतिशत दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं और असम के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसी वजह से ठंड की राह में अस्थायी बाधा उत्पन्न हुई है। यह स्थिति 21 दिसंबर तक बनी रह सकती है। इसके चलते अगले तीन दिनों में राज्य में ठंड के तेज होने की संभावना कम है और तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। सुबह के समय कोहरे का असर देखा जा सकता है, जबकि दिन चढ़ने के साथ दृश्यता में सुधार होगा।

शुक्रवार को पहाड़ी और उत्तर बंगाल के इलाकों में दार्जिलिंग का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री, कालिम्पोंग का नौ डिग्री, सिलीगुड़ी का 14 डिग्री और जलपाईगुड़ी का 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं मैदानी इलाकों में हावड़ा का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री, दमदम का 16 डिग्री, साल्टलेक का 17 डिग्री, मुर्शिदाबाद और बहारमपुर का 13 डिग्री तथा शांतिनिकेतन का 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार क्रिसमस से पहले तापमान में हल्की गिरावट की उम्मीद अभी बनी हुई है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *