Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

सिरसा: सडक़ों पर लगाई जाए सफेद पट्टी: एडीसी

अधिकारियों की बैठक लेते एडीसी।

सिरसा, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सिरसा के एडीसी वीरेंद्र सिंह सहरावत ने कहा कि धुंध के मौसम को देखते हुए सभी सडक़ों पर सफेद पट्टी अनिवार्य रूप से लगाई जाए। घने कोहरे में सफेद पट्टी बहुत अधिक उपयोग होती है। इसलिए सडक़ से जुड़ी संबंधित एजेंसियां जल्द इस पर कार्रवाई करें। एडीसी बुधवार को जिला सडक़ सुरक्षा व सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि कोहरे के मौसम को देखते हुए दुर्घटनाओं से बचाव के लिए अधिकारी सजग होकर कार्य करें। रोड सेफ्टी के सभी नियमों का पालन किया जाए और वरिष्ठ अधिकारी भी फील्ड में उतर कर निरीक्षण करें ताकि कहीं पर कोई खामी न रहे। उन्होंने कहा कि पूरे जिले मे सिंचाई विभाग सुनिश्चित करे कि सडक़ के किनारे कोई भी पुलिया टूटी न हो और उस पर रिफ्लेक्टर इत्यादि लगे होने चाहिए। जहां भी क्षतिग्रस्त रेलिंग या पुलिया है, तो उसे तत्काल ठीक करें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र पर साइन बोर्ड लगाए जाएं ताकि वाहन चालक पहले से ही सचेत हो और दुर्घटना को रोका जा सके।

बैठक में फुटपाथ पर जगह-जगह कट बना लेने के मामले में अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) के एसडीओ, नगर परिषद के एमई तथा एसएचओ ट्रैफिक की अध्यक्षता में कमेटी बनाई जाए, जो रोड पर बनाए गए कट का निरीक्षण करेगी और जो कट यातायात की दृष्टि से सही नहीं पाए गए उन्हें बंद करने की सिफारिश करेगी।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता कमलदीप सिंह, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता धीरज, एनएचआई से प्रोजेक्ट डायरेक्टर विपिन मंगला, मार्केटिंग बोर्ड से कार्यकारी अभियंता तरुण सिहाग, शिक्षा विभाग से डीपीसी सुभाष चंद्र, डिप्टी सीएमओ डा. संदीप सिंह, सचिव रेडक्रॉस लाल बहादुर बैनीवाल, एसएचओ ट्रैफिक सुखदेव सिंह, रोडवेज के टीएम सुधीर कुमार, सिरसा नगर परिषद के एमई प्रवेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *