
सारण, 7 दिसंबर (Udaipur Kiran) . ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में आयोजित ‘सोनपुर आइडल’ कॉन्टेस्ट अब अपने अंतिम चरण में पहुँच चुका है. गायन प्रतिभाओं को मंच देने वाले इस पहले संस्करण के ग्रैंड फिनाले का रोमांच आज चरम पर होगा, जहाँ पाँच बेहतरीन प्रतिभागी Bollywood की प्रसिद्ध गायिका और मुख्य निर्णायक पद्म अनुराधा पौडवाल के समक्ष अपनी वर्षों की साधना और हुनर का अंतिम प्रदर्शन करेंगे. पूरे Bihar से आए सैकड़ों कलाकारों के बीच कड़े मुकाबले के बाद, इन पाँचों गायकों ने अपनी आवाज के जादू से न सिर्फ जजों को प्रभावित किया, बल्कि हजारों संगीत प्रेमियों के दिल में भी जगह बनाई है. फिनाले में पहुँचने वाले खुशी मिश्रा मोतिहारी, अमोलिका धन पटना, वेद प्रकाश सहरसा, वैभव देव छपरा और रौनक रत्न छपरा इन पाँचों फाइनलिस्ट ने ‘सोनपुर आइडल’ के मंच पर पहुँचने के लिए अथक परिश्रम किया है.
खुशी मिश्रा की भावपूर्ण प्रस्तुति हो, अमोलिका धन की शास्त्रीय गायन पर मजबूत पकड़, वेद प्रकाश की मधुर और मनमोहक आवाज, वैभव देव का आधुनिक और ऊर्जावान अंदाज या फिर रौनक रत्न का बहुमुखी गायन हर किसी ने अपनी एक अलग छाप छोड़ी है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अनुराधा पौडवाल जैसी महान हस्ती की कसौटी पर कौन खरा उतरता है. ग्रैंड फिनाले को खास बनाने के लिए Bollywood की गायिका अनुराधा पौडवाल को मुख्य जज के रूप में आमंत्रित किया गया है. उनके अनुभव और संगीत की गहरी समझ के कारण, इस कॉन्टेस्ट का महत्व कई गुना बढ़ गया है. इन उभरते कलाकारों के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है कि उनकी किस्मत का फैसला साक्षात पद्म विजेता के हाथों होगा.
सोनपुर आइडल ने इस साल मेले को एक नई पहचान दी है. यह न सिर्फ Bihar की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को उभारने का एक मंच है, बल्कि यह भी दिखाता है कि हमारी लोक और आधुनिक कलाओं में कितनी गहराई है. फाइनल में आए सभी प्रतिभागी विजेता हैं, क्योंकि उन्होंने यहाँ तक पहुँचने के लिए कड़ी मेहनत की है.
जैसे ही पर्यटन विभाग के मुख्य पंडाल में संगीत की अंतिम गूँज उठेगी, यह तय हो जाएगा कि इस पहले ‘सोनपुर आइडल’ का ताज किसके सिर सजेगा और किसकी ‘आज कल की साधना’ रंग लाएगी. संगीत प्रेमी और दर्शक इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय कुमार
