Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

विंटर कार्निवाल : संस्कृति, संगीत और पर्यटन का संगम कल से

Nainital Winter Carnival Programme

नैनीताल, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नैनीताल में शीतकालीन पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से आयोजित हो रहे विंटर कार्निवाल (नैनीताल महोत्सव) 2025 के तहत 23 से 25 दिसंबर तक सरोवर नगरी में सांस्कृतिक, सांगीतिक और पर्यटन गतिविधियों की भव्य श्रृंखला देखने को मिलेगी।

इस दौरान स्थानीय लोक संस्कृति के साथ बॉलीवुड और उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां पर्यटकों व स्थानीय लोगों को आकर्षित करेंगी।

कार्निवाल की शुरुआत 23 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से डांठ तल्लीताल से माल रोड होते हुए मुख्य मंच फ्लैट्स मल्लीताल तक कार्निवाल झांकी और एक बजे से नैनी झील में पाल और चप्पूदार नौकाओं की दौड़ से होगी।

शाम 5.15 बजे नैनी झील में दीपदान किया जाएगा। साथ ही शाम 5 बजे से मुख्य मंच पर सुप्रसिद्ध कुमाउनी लोक गायक गोविंद दिगारी, खुशी जोशी, नीरज मिश्रा और राकेश खनवाल की प्रस्तुतियां होंगी। उद्घाटन समारोह में राजुला-मालुसाई की प्रस्तुति, उत्तराखंड स्टार नाइट में चारू सेमवाल और देर रात बॉलीवुड स्टार पर्मिश वर्मा की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।

24 दिसंबर को अपराह्न 12.30 बजे से द्वितीय मंच पर उत्तराखंड के स्थानीय प्रसिद्ध कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां होंगी। जबकि मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से इंदर आर्या, गिरीश वर्गली व किशन महिपाल जैसे कलाकार प्रस्तुति देंगे। साथ ही शाम 7 बजे से स्थानीय प्रसिद्ध रेडियो जॉकी “कहानियों का कोना” प्रस्तुत करेंगे और उत्तराखंड स्टार पवनदीप राजन और बॉलीवुड स्टार बी प्राक की विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी।

इसी तरह 25 दिसंबर को दिन भर उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ‘बेस्ट डांसर एंड सिंगर ऑफ नैनीताल’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम को फौजी ललित मोहन जोशी, दर्शन फर्स्वाण, स्वाति भट्ट, पुष्कर महर, हिमनाद की प्रस्तुति के साथ अमेरिकाज गॉट टैलेंट से जुड़ी टीम श्रेय खन्ना और प्रसिद्ध पांडवाज बैंड मंच संभालेंगे।

इसके अतिरिक्त महोत्सव के दौरान फूड फेस्टिवल व शिल्पकार दीर्घा, नुक्कड़ नाटक, एस्ट्रो टूरिज्म (ब्रह्मांड दर्शन), फ्री आर्टिफिशियल रॉक क्लाइम्बिंग, विंटर लाइन फोटोग्राफी, नुक्कड़ नाटक, ऐपण प्रतियोगिता तथा बिड़ला चुंगी से कैंची धाम तक ट्रैकिंग जैसे आकर्षण भी आयोजित किए जाएंगे। इस प्रकार विंटर कार्निवाल 2025 के माध्यम से नैनीताल एक बार फिर सांस्कृतिक विरासत, लोककला और आधुनिक मनोरंजन के संगम के रूप में देशभर के पर्यटकों को आमंत्रित करेगा।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *