Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में सर्दी की दस्तक, दिन में बढ़ी गर्माहट तो रातें हुई ठंडी

मौसम विभाग

जयपुर, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राजस्थान में सर्दी ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है। एक ओर जहां दिन में धूप की तपिश बढ़ने लगी है, वहीं रात के तापमान में गिरावट आ रही है। सीकर में सोमवार रात पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जिससे शेखावाटी क्षेत्र में हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिन तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में केवल मामूली उतार-चढ़ाव की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही।

दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर, अजमेर और जयपुर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान एक से दाे डिग्री तक बढ़ा है। मौसम विभाग के आंकड़ों केे अनुसार कल तापमान बाड़मेर में सबसे अधिक 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा जैसलमेर में 36, बीकानेर में 35, श्रीगंगानगर में 35.7, चूरू में 34.2, नागौर में 34.3, जोधपुर में 34.5, पिलानी में 33.9, चित्तौड़गढ़ में 33.6, अलवर में 33.2, हनुमानगढ़ में 33.4, जालोर में 33.5, अजमेर में 32, कोटा में 32.2, भीलवाड़ा में 31.9, सीकर में 31.5 और जयपुर में 30.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं का असर अब कुछ कम हुआ है, जिससे दिन में ठंडक घट गई है। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडी हवा अभी भी चल रही हैं, जिससे तापमान में रात के समय गिरावट देखी जा रही है।

विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि फिलहाल किसी नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की सक्रियता नहीं है, जिसके चलते राज्य में अगले कुछ दिन तक मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *