राजस्थान में फिर तेज हुई सर्दी, सीकर-फतेहपुर में ओस जमी, घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

जयपुर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान में एक बार फिर सर्दी का असर तेज हो गया है। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट आई है। सीकर सहित आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह जगह-जगह ओस जमी रही, वहीं रात का तापमान गिरकर 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में आज भी हल्के से मध्यम और कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने से सर्दी बढ़ने के आसार हैं।
सीकर क्षेत्र में पिछले 16 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नजदीक पहुंच गया। फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर सुबह का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
घने कोहरे के कारण मंगलवार को बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, नागौर समेत कई जिलों में दिन का तापमान सात डिग्री तक लुढ़क गया। जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और झुंझुनूं क्षेत्रों में भी घना कोहरा छाया रहा।
घना कोहरा और उत्तरी हवाओं की कमजोरी के चलते राज्य के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर मापा गया है। कई शहरों में यह सामान्य से छह डिग्री तक अधिक रहा।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित



