Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

वीमेंस अंडर-19 वनडे: झारखंड, हैदराबाद और हिमाचल की जीत

वीमेंस U-19 मुकाबले में बल्लेबाज़ी करती खिलाड़ी

लखनऊ, 13 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । वीमेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी मुकाबलों में शनिवार को झारखंड, हैदराबाद और हिमाचल प्रदेश की टीमों ने प्रभावशाली जीत दर्ज की। लखनऊ के अलग-अलग मैदानों पर खेले गए इन मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन ने दर्शकों का ध्यान खींचा।

लखनऊ के इकाना स्टेडियम के बी ग्राउंड पर खेले गए मैच में झारखंड ने जम्मू-कश्मीर को नौ विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम कम स्कोर पर सिमट गई। झारखंड की गेंदबाज कुमारी पलक ने तीन जबकि भूमिका ने दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए झारखंड ने केवल एक विकेट गंवाकर मुकाबला आसानी से जीत लिया। आरुषी ने नाबाद अर्धशतक जमाया, जबकि गुरुलीन कौर 49 रन बनाकर नाबाद रही।

लखनऊ के जीसीआरजी ग्राउंड पर हैदराबाद और मुम्बई के बीच खेला गया मुकाबला भी एकतरफा रहा। मुम्बई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 94 रनों पर ऑलआउट हो गई। मुंबई की ओर से जिया ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। हैदराबाद की जैजमिन गिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में पांच मेडन डालते हुए 19 रन देकर तीन विकेट झटके। जवाब में हैदराबाद ने चार विकेट खोकर 16वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेले गए तीसरे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने चंडीगढ़ पर 106 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। हिमाचल प्रदेश ने निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट पर 291 रन बनाए। टीम की ओर से अहाना शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों पर 120 रन ठोके, जिसमें 18 चौके और चार छक्के शामिल रहे। लक्ष्य का पीछा करते हुए चंडीगढ़ की टीम 185 रनों पर सिमट गई। गेंदबाजी में पल्लवी ठाकुर ने तीन जबकि अहाना शर्मा ने दो विकेट लिए।

इन मुकाबलों में मिली जीत के साथ ही झारखंड, हैदराबाद और हिमाचल प्रदेश ने ग्रुप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

—————

(Udaipur Kiran) / Harsh Gautam

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *