Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

महिला विश्व कप: वोल्वार्ट और ब्रिट्स की अर्धशतकीय पारियों से दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 10 विकेट से हराया

लौरा वोल्वार्ट और टैजमिन ब्रिट्स

कोलंबो, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । लौरा वोल्वार्ट और टैजमिन ब्रिट्स की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने बारिश से प्रभावित 20 ओवर के मुकाबले में श्रीलंका को 10 विकेट से हराते हुए महिला वनडे विश्व कप में लगातार चौथी जीत दर्ज की। टीम ने 121 रनों के संशोधित लक्ष्य को 14.5 ओवर में हासिल कर लिया।

मैच की शुरुआत में श्रीलंका की बल्लेबाज विष्मी गुणरत्ने ने अच्छी पारी खेलते हुए कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन पांचवें ओवर में फील्डर के थ्रो से उनके बाएं घुटने में चोट लगी और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद मसताबा क्लास ने श्रीलंका को झटके दिए और कप्तान चामरी अटापट्टू व हसीनी परेरा को पवेलियन भेजा।

12वें ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 46/2 था तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। करीब पांच घंटे के बाद मैच 20-20 ओवर का कर दिया गया। खेल शुरू होते ही कविशा दिल्हारी ने नोंकुलुलेको म्लाबा की गेंद पर छक्का जड़कर श्रीलंका की आक्रामक मंशा दिखाई।

हालांकि दक्षिण अफ्रीका ने लगातार दो ओवर में दो विकेट झटककर दबाव बना दिया। विष्मी वापसी कर टीम के लिए रन जोड़ती रहीं। मलाबा ने अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट चटकाए और केवल चार रन दिए, जिससे श्रीलंका 20 ओवर में 7 विकेट पर 105 रन ही बना सका।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी ओपनर जोड़ी वोल्वार्ट और ब्रिट्स ने पारी को संभलकर शुरू किया और जल्द ही रन गति बढ़ा दी। दोनों बल्लेबाजों ने स्ट्राइक रोटेट करते हुए लगातार चौके जड़े और श्रीलंका को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

13वें ओवर में दोनों ने दिल्हारी को चार चौके जड़कर मैच पूरी तरह दक्षिण अफ्रीका की झोली में डाल दिया। इसके बाद वोल्वार्ट ने अटापट्टू की गेंद पर चौका लगाकर टीम का स्कोर 100 पार पहुंचाया, जबकि ब्रिट्स ने पियुमी बदालगे पर चौका और छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी।

यह दोनों के बीच वनडे में सातवीं शतकीय साझेदारी थी और दक्षिण अफ्रीका की महिला वनडे में छठी 10 विकेट से जीत।

संक्षिप्त स्कोर:

श्रीलंका – 105/7 (20 ओवर में)

(विष्मी गुणरत्ने 34, निलाक्षी डी सिल्वा 18; नोंकुलुलेको म्लाबा 3/30)।

दक्षिण अफ्रीका – 125/0 (14.5 ओवर में)

(लौरा वोल्वार्ट 60*, टैजमिन ब्रिट्स 55*)।

परिणाम: दक्षिण अफ्रीका ने 10 विकेट से जीत दर्ज की।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *