Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

विद्यार्थियों में मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के के लिए लेखन प्रतियोगिता आयोजित

प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागी

हरिद्वार, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । एसएमजेएन पीजी कॉलेज में महाविद्यालय के मानक क्लब और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वाधान में आज अभिविन्यास कार्यक्रम और मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मानक क्लब के मेंटर डॉ. विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को मानकों और उनके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को बी आई एस केयर एप के उपयोग के बारे में बताया और इसे उत्पाद की गुणवत्ता जांच के लिए इस्तेमाल करने की सलाह दी।

डॉ. शर्मा ने उपभोक्ताओं के अधिकारों के विषय में भी जानकारी दी और कहा कि जनमानस में गुणवत्ता की जागरूकता न केवल आर्थिक नुकसान को रोकती है, बल्कि जीवन को गंभीर संकटों से भी बचाती है। उन्होंने बताया कि घरों में प्रयोग होने वाले गैस सिलेंडर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का गुणवत्ता प्रतीक इसी जागरूकता की पहचान है।

इस अवसर पर मानक क्लब के विद्यार्थियों के लिए मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें “पानी की बंद बोतल” के मानकों पर लेख लिखे गए। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे: ज्योति सक्सेना को प्रथम स्थान, अंशु चौधरी को द्वितीय स्थान, रूद्र भारद्वाज को तृतीय स्थान और वंशिका को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्थापित मानक क्लब मानकों के प्रति चेतना बढ़ाने का अचूक माध्यम साबित हो रहे हैं।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, यादविंदर सिंह, अंजलि शर्मा और डॉ. गौरव अग्रवाल ने भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विज्ञान संकाय की डॉ. पुनीता शर्मा, डॉ. पदमावती तनेजा, डॉ. मनीषा पांडेय के साथ ही छात्र-छात्राएं कशिश, मयंक, माही, स्नेहा, नितिन शाह, हिमांशु आदि उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *