Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
ENTERTAINMENT

यास्तिका भाटिया के घुटने की हुई सर्जरी, बोलीं- जल्द ठीक होने और वापसी पर ध्यान

यास्तिका भाटिया (फोटो इंस्टाग्राम)

नई दिल्ली, 21 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी यास्तिका भाटिया ने अपने घुटने की चोट को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने बताया है कि उनके घुटने की सर्जरी सफलतापूर्वक हो गई है। अब उनका ध्यान जल्द ठीक होकर मैदान पर वापसी पर है।

यास्तिका को इस महीने की शुरुआत में बाएं घुटने में चोट लगने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय सीरीज के साथ-साथ आईसीसी महिला विश्व कप 2025 से भी बाहर कर दिया गया था। आईसीसी महिला विश्व कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले से होगी।

यास्तिका ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, पिछले कुछ दिनों में घुटने की चोट के बाद मुझे कुछ कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। मैं अभी भी इन सब से उबर रही हूं, लेकिन मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सर्जरी अच्छी तरह से हुई। मैं अपने डॉक्टरों और उन सभी लोगों की शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझे इतना प्यार और समर्थन दिया। मेरा ध्यान अब ठीक होने, मज़बूत बने रहने और जल्द से जल्द मैदान पर वापसी पर है। इस खेल के प्रति मेरा प्रेम और अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज 1-2 से हार गई। अब टीम का ध्यान 30 सितंबर से शुरू होने वाले विश्व कप पर होगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *