Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान के आठ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, जोधपुर में सड़कों पर घुटनों तक पानी

जयपुर, 28 अगस्त (Kiran News)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और दक्षिणी जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 8 जिलों—बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, सिरोही, जालौर और प्रतापगढ़ में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

rajasthan heavy rain

जोधपुर में जलभराव, कई जिले हुए प्रभावित
बुधवार को जयपुर, जोधपुर और भरतपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। जोधपुर में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे बाइकें और गाड़ियां पानी में फंस गईं या बहने लगीं। जालौर के लोतरा गांव में लूणी नदी में बोलेरो बह जाने से मां और दो बेटियों की मौत हो गई। वहीं, मंगलवार को सुकड़ी नदी में बहे छह युवकों में से चार के शव बुधवार को बरामद हो चुके हैं। नागौर के जसनगर में NH-458 पर लूणी नदी पुलिया के ऊपर बह रही है, जिस वजह से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।

आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक दक्षिणी राजस्थान में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने सितंबर के पहले सप्ताह तक भी इसी तरह के मौसम का अनुमान जताया है। बुधवार को सबसे अधिक 34 मिमी बारिश उदयपुर के सलूंबर में रिकॉर्ड की गई। जयपुर, करौली, प्रतापगढ़, झुंझुनूं, झालावाड़, भीलवाड़ा, अजमेर और बांसवाड़ा समेत कई जिलों में वर्षा दर्ज हुई।

मौसम का ताजा हाल
इस सीजन में अब तक राजस्थान में औसतन 546.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्यत: 350 मिमी होती है। बुधवार को जैसलमेर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में 37 डिग्री, वहीं सबसे ठंडा स्थान नसीराबाद रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री दर्ज हुआ। जयपुर में अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम 25.5 डिग्री रहा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *