Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन बनाने में सहायता करता है योग : मुख्यमंत्री

उज्‍जैन के निनोरा में आनंदमय वैलनेस योग स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्‍जैन के निनोरा में आनंदमय वैलनेस योग स्वास्थ्य केंद्र का किया शुभारंभ
उज्‍जैन के निनोरा में आनंदमय वैलनेस योग स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

– मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निनोरा में आनंदमय वैलनेस योग स्वास्थ्य केंद्र का किया शुभारंभउज्जैन, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन बनाने में सहायता करता है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्म-जागरूकता को भी बढ़ावा देता है।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि उज्जैन नगरी हर कल्प में अपनी एक अलग प्रकार की अनूठी यात्रा करती है। इसके कई पड़ाव होते हैं। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को उज्जैन प्रवास के दौरान निनोरा में आनंदमय वैलनेस योग स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। उन्हाेंने कहा कि आज अत्यंत हर्ष का विषय है कि ऋषि मुनियों ने जिस योग का अभ्यास किया उसके गूढ़ रहस्यों को समझाने व आम नागरिकों को इसका लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से उज्जैन के निनोरा में योग एवं वेलनेस सेंटर का शुभारंभ किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा और योग अभ्यास में प्राकृतिक पद्धतियों से शरीर के विकारों का इलाज किया जाता है। हमारी सनातन संस्कृति हमें प्रकृति से जुड़कर रहना सिखाती है। हम प्रकृति से अलग नहीं रह सकते। योग के माध्यम से हम प्रकृति से जुड़े हुए रहते हैं।

उन्‍होंने कहा कि योग के पूरे विश्व में प्रचार और इसके लाभ हर एक व्यक्ति को पहुंचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रारंभ किया गया है । योग को हम सभी को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। हमारे लिए यह अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि इस वेलनेस सेंटर में विदेशी नागरिक योग अभ्यास का प्रशिक्षण लेकर अपने-अपने देश में इसका प्रचार प्रसार करेंगे और योग के लाभ स्थानीय नागरिकों तक पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने अपनी ओर से सभी को दीपावली पर्व और योग वेलनेस सेंटर के प्रारंभ होने पर शुभकामनाएं दी।

योगाचार्य स्वामी ओमानंद गुरुजी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं प्रतिदिन योगाभ्यास करते हैं। वे सदैव प्रदेश की सेवा में लगे रहते हैं। इस वेलनेस सेंटर का भूमि पूजन भी माननीय मुख्यमंत्री के द्वारा ही पूर्व में किया गया था और यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि इसका लोकार्पण भी आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा किया गया है। आने वाले समय में इस संस्थान में बहुत सी प्राकृतिक और आयुर्वेदिक सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

इस दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, राजेन्द्र भारती, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट, एडीएम अत्येन्द्र सिंह गुर्जर एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई की इस केंद्र में यहां पर सुदूर देशों से आए योग के प्रशिक्षकों व स्थानीय लोगों को योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, साथ ही यहां पर थेरेपी और योग के माध्यम से विभिन्न मनोविकृतियों जैसे डिप्रेशन, तनाव आदि का निदान भी किया जाएगा। इसके साथ ही शासकीय धन्वंतरी चिकित्सा महाविद्यालय और आनंदमय वेलनेस सेंटर के मध्य एक एमओयू भी साइन किया गया, जिसके अंतर्गत आपसी समन्वय से आयुर्वेद चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक चिकित्साओं से संबंधित सेवाएं भी यहां प्रदान की जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि यहां पर सुदूर देशों से आए लगभग 22 विदेशी नागरिकों ने योग की ट्रेनिंग प्राप्त की। इनकी ट्रेनिंग पिछले 10 दिनों से ऑनलाइन चल रही थी। यहां पर अमेरिका, चेक गणराज्य और चेकोस्लोवाकिया के नागरिकों द्वारा योग की ट्रेनिंग प्राप्त की गई। मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा विदेशी नागरिकों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

इस दौरान वैलनेस सेंटर के योगाचार्य ओमानंद गुरुजी महाराज, गुरु माता सुनीता देवी जी, इंचार्ज ओम प्रकाश टेलर उपस्थित थे ।—————–

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *