जबलपुर : सिविल लाइन्स में खूनी वारदात के चलते युवक की चाकू गोदकर हत्या

जबलपुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मप्र में जबलपुर शहर के सिविल थानांतर्गत सोमवार रात आठ बजे एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह वारदात संगम टेंट हाउस के पास हुई जहां अज्ञात हमलावरों ने चाट खा रहे युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गयी है।
पुलिस अब आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती तौर पर मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
इस संबंध में सिविल लाइन पुलिस की ओर से बताया गया कि शहर के मांडवा बस्ती निवासी मोनू किसी काम से संगम टेंट हाउस के पास खड़ा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और मोनू को घेर लिया। इससे पहले कि मोनू कुछ समझ पाता, आरोपियों ने अपने पास रखे धारदार चाकुओं से उस पर हमला कर दिया। मोनू के शरीर पर कई वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और उसने दम तोड़ दिया। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन्स पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक



