Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

अवैध प्रेम संबंधों के चलते मोगरा के शेरपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या

प्रसेनजीत और उसकी पत्नी

हुगली, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के मोगरा थाना अंतर्गत शेरपुर इलाके में एक महिला के कथित प्रेमी ने उसके पति की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रसेनजीत दास (36) के रूप में हुई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ साल पहले प्रसेनजीत की पत्नी रत्ना दास का बलागढ़ के एक युवक सुब्रत भक्त के साथ विवाहेतर संबंध बन गया था। कुछ समय बाद यह बात प्रसेनजीत को पता चल गई, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगे और वैवाहिक रिश्ते में दरार आ गई। दोनों की शादी को 14 साल हो चुके थे और उनका एक बच्चा भी है।

मृतक की मां कल्पना दास ने पूरे घटनाक्रम के लिए सीधे तौर पर बहू के प्रेमी सुब्रत भक्त को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे सुब्रत नशे की हालत में उनके घर आया और जोर-जोर से आवाज देने लगा। वह प्रसेनजीत को नाम लेकर बाहर बुलाने लगा। परिवार के छोटे बेटे ने इसका विरोध किया तो सुब्रत ने उसके साथ मारपीट की।

इसी दौरान काम से घर लौट रहे प्रसेनजीत ने अपने भाई को पिटते देखा और उसे बचाने आगे बढ़ा। तभी सुब्रत के साथ उसकी तीखी बहस हो गई। आरोप है कि इसी बहस के दौरान सुब्रत ने चाकू से प्रसेनजीत पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

स्थानीय लोग तुरंत गंभीर रूप से घायल प्रसेनजीत को अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खबर पाकर मोगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की बहन ने भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया है। उनका आरोप है कि रत्ना दास और सुब्रत के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और पत्नी ने ही अपने प्रेमी के जरिए अपने पति की हत्या करवाई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *