Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

पैसों के विवाद में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से किया बड़े भाई का कत्ल

माेर्चरी पर एकत्र परिजन।

बाड़मेर, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जिले के बीजराड़ थाना क्षेत्र के नवातला जैतमाल गांव में बुधवार देर रात एक पारिवारिक हत्या की वारदात सामने आई। पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। विवाद के दौरान छोटे भाई किशनाराम (30) ने बड़े भाई गुणेशाराम (35) पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। सिर के पीछे वार लगने से गुणेशाराम की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद आरोपित भाई मौके से फरार हो गया।

बींजराड़ थानाधिकारी मगाराम ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर बहस हुई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि किशनाराम ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी उठा ली और भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। खून बहने से गुणेशाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बींजराड़ थाना पुलिस, एफएसएल टीम और एमओबी यूनिट मौके पर पहुंची। मौके से आवश्यक सबूत एकत्र किए गए।

मृतक का शव चौहटन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस ने आरोपित भाई की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार मृतक गुणेशाराम किसान था। करीब छह साल पहले उसकी पत्नी ने टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। दंपती के कोई बच्चे नहीं थे।

दोनों भाई अपनी बुजुर्ग मां और छोटे भाई की पत्नी व बच्चों के साथ एक ही घर में रहते थे।

करीब तीन साल पहले पिता की भी मृत्यु हो चुकी है। पिता के रीति-रिवाजों में हुए खर्च को लेकर दोनों भाइयों के बीच पैसों की अदायगी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात पर झगड़ा बढ़ा और हत्या की वारदात हो गई। बीजराड़ थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

थाना अधिकारी के अनुसार आरोपित किशनाराम की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं। परिजनों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *