
बांदा, 9 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Uttar Pradesh के जनपद बांदा नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से 15 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. पीड़ितों की तहरीर पर मंगलवार काे थाना मटौंध पुलिस ने आरोपित विनोद कुमार पुत्र बाबू यादव निवासी ग्राम अछरौंड के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मटौंध थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि काेतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र रमेश व उसके साथी हीरू पुत्र राकेश कुमार ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि फरवरी 2025 में उनकी मुलाकात विनोद कुमार से हुई थी. विनोद ने स्वयं को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से जुड़ा प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए बांदा व चित्रकूट के इंटर कॉलेजों में “क्लर्क” के दो पद खाली होने की बात कही और उनकी नाैकरी
लगवाने का भराेसा दिलाया. उसके विश्वास में आने पर दोनों ने 15 लाख रुपये की बड़ी रकम उसके बताए खातों में ट्रांसफर कर दी.
पीड़ितों के अनुसार, विनोद कुमार ने सितंबर माह में दोनों को नियुक्ति पत्र सौंपे और कहा कि वे राजकीय इंटर कॉलेज बांदा व राजकीय इंटर कॉलेज चित्रकूट में जाकर ज्वाॅइन कर लें. लेकिन जब दोनों कॉलेजों में पता किया गया तो यह खुलासा हुआ कि ऐसी कोई नियुक्ति निकली ही नहीं थी और न ही कोई पद खाली था. नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी पाए गए. मामले की जानकारी पर जब उन्हाेंने पैसे वापस मांगें ताे आराेपित विनोद कुमार कथित रूप से गाली-गलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकियां देने लगा. इस ठगी मामले में आरोपित ने खुद के खाता में 11 लाख, अपने पिता के खाते में 1.50 लाख, सूरज भान यादव और विक्रम कश्यप के खाते में 1-1 लाख व मोहम्मद अख्तर के खाते में 50 हजार रुपये डलवाए हैं. इस तहरीर पर मटौंध थाना में आराेपित के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी एवं संगठित ठगी से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है और संबंधित खातों की लेन-देन की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह
