Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

पश्चिम मेदिनीपुर : सड़क हादसे में युवक की मौत, पत्नी और बच्चा घायल

दुर्घटनाग्रस्त बाइक

पश्चिम मेदिनीपुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मेदिनीपुर जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में दंपति का नाबालिग बच्चा भी घायल हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दंपति कोलकाता के बेहाला इलाके के निवासी हैं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को पार्थसारथी घोष अपनी बाइक से कोलकाता से ओडिशा जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर उनकी पत्नी सुपर्णा घोष और नाबालिग बच्चा भी सवार था। खड़गपुर ग्रामीण क्षेत्र के मादपुर इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, बाइक का संतुलन बिगड़ने से पार्थसारथी घोष डिवाइडर से टकरा गए, जिसके बाद तीनों सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को बचाया और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पति-पत्नी को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने पार्थसारथी घोष को मृत घोषित कर दिया। सुपर्णा घोष का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बच्चे की हालत स्थिर है और उसे गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि, हादसे में उसने अपने पिता को खो दिया है और मां की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। बताया गया है कि घोष परिवार कोलकाता के बेहाला स्थित राय बहादुर रोड का निवासी है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *