Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

युवाओं ने लिया समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प

युवाओं ने लिया समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प

जयपुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रकोष्ठ दिव्य भारत युवा संघ (दिया) के शनिवार को गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा (महाविद्यालय स्तर) के बहाने विभिन्न महाविद्यालयों में अध्ययनरत युवा एक मंच पर आए और एक-दूसरे के विचार जाने। युवाओं के जीवन में आने वाली चुनौतियों से ज्यादा उनके समाधान पर चर्चा हुई। इसके लिए बाहरी प्रयासों के बजाय आध्यात्मिक सूत्रों को अपनाने पर सहमति बनी। विद्यार्थियों ने पढ़ाई के दौरान ही समीपवर्ती लोगों को नशा मुक्त बनाने, वंचित समाज के बच्चों को पढ़ाने, जरूरतमंदों को कौशल विकास का प्रशिक्षण देने का संकल्प लिया।

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा (महाविद्यालय स्तर) में विभिन्न महाविद्यालयों के युवाओं ने भाग लिया। चर्चा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अति उपयोग से बचने पर जोर दिया गया। छोटे-छोटे प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण की चुनौतियों से निपटने के युवाओं का उपाय बताए गए। वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति को समझने, पारंपरिक खेलों की ओर लौटने, जीवन मूल्यों को जानने-समझने पर विशेष बल दिया गया।

वेदना निवारण केन्द्र के सह व्यवस्थापक केदार शर्मा ने युवाओं को तनाव प्रबंधन के सूत्र बताते हुए सदैव सकारात्मक सोच अपनाने, धैर्य को जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा गायत्री मंत्र के नियमित जप की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र हमारे शरीर के भीतर सकारात्मक हार्मोन्स को सक्रिय करता है, जिससे अंत:चेतना जागृत होती है और मानसिक संतुलन बना रहता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद, आदर्श नगर के सचिव देवेंद्र व्यास ने कहा कि आपकी सोच ही आपके जीवन का निर्माण करती है। आज सहनशीलता की कमी है। छोटी-छोटी बातों पर क्रोध, तनाव और अवसाद बढ़ रहा है। लेकिन जब सोच एकाकी से सामाजिक हो जाती है तो जीवन को नई दिशा मिलती है।

डॉ. अजय भारद्वाज ने युवाओं के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए दिया टीम द्वारा संचालित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। रामेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और चरित्र निर्माण भी उतना ही जरूरी है। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सोहनलाल शर्मा ने आभार प्रकट किया। नवरत्न पुरी सहित अन्य गणमान्य जनों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। सुषमा शर्मा, प्रखर सक्सेना, प्रणव तिवारी, उमराव, भुवनेश गौतम, जय, लक्ष्य, हेमलता अग्रवाल एवं अन्य ने आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग किया।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *