कोलकाता, 15 अगस्त (Udaipur Kiran). स्वतंत्रता दिवस की सुबह पूर्व बर्दवान जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार सुबह लगभग 7:20 बजे 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के नला फेरीघाट इलाके में हुई. कोलकाता से आ रही निजी यात्री बस तेज रफ्तार में थी और चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक हाईवे पर खड़ा था और चालक आगे बढ़ने की तैयारी कर रहा था.
पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर कुल 45 यात्रियों को बस से बाहर निकाला, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है. बस के एक घायल यात्री, विश्वजीत कुमार ने बताया, “हम सभी Bihar के रहने वाले हैं और बस दुर्गापुर की ओर जा रही थी. सभी यात्री सो रहे थे, तभी अचानक जोरदार झटका लगा और मेरी नींद खुल गई. मैं बस के आगे गिर पड़ा और सिर पर चोट आई. समझ नहीं आ पाया कि सब कुछ कैसे हुआ.”
अतिरिक्त Superintendent of Police अर्क बंध्योपाध्याय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया है. बर्दवान मेडिकल कॉलेज के सुपर, तापस कुमार घोष ने जानकारी दी कि अस्पताल लाने से पहले ही 10 लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि करीब 25 घायल अस्पताल में भर्ती हैं. इनमें से चार से पांच यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
हादसे के कारणों की जांच जारी है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, बस चालक को शायद नींद आ गई थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. बस की गति और हादसे के वक्त की परिस्थितियों की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. फिलहाल, पुलिस ने बस और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.