Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

छठ पर घर जाने वालों के लिए अगले पांच दिनों में चलाई जाएंगी 1500 विशेष ट्रेनें

छठ पूजा पर ट्रेन से जाते यात्री और स्टेशन पर सुरक्षा इंतजाम का फोटो

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने व्यापक इंतजाम किए हैं। छठ पर्व के अवसर पर अगले पांच दिनों में 1500 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। यानी औसतन प्रतिदिन 300 ट्रेनें चलेंगी, ताकि हर यात्री सुरक्षित और आरामदायक तरीके से अपने घर पहुंच सके।

रेल मंत्रालय के अनुसार, नियमित ट्रेनों के अलावा पिछले 21 दिनों में 4,493 विशेष ट्रेन चलाई गई हैं, जिनका औसत प्रतिदिन 213 ट्रिप्स रहा। इन विशेष ट्रेनों ने दीपावली के अवसर पर यात्रियों को समय पर अपने घर पहुंचने में बड़ी सुविधा दी है। भारतीय रेल एक अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 तक 61 दिनों की अवधि में 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चला रही है। अब तक 11,865 ट्रिप्स (916 ट्रेनों) की अधिसूचना जारी की जा चुकी है, जिनमें 9,338 आरक्षित और 2,203 अनारक्षित ट्रिप्स शामिल हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है, जब 7,724 पूजा और दीपावली विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं।

रेल मंत्रालय के अनुसार, 21 से 31 अक्टूबर के बीच लगातार विशेष ट्रेनों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। 21 अक्टूबर को 282 विशेष ट्रेनें चलाई गईं, जबकि 22 अक्टूबर को 285 और 23 अक्टूबर को 295 ट्रिप्स अधिसूचित की गईं। 24 अक्टूबर को यह संख्या बढ़कर 303 हो जाएगी और 25 अक्टूबर को सर्वाधिक 311 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। 26 अक्टूबर को 305 ट्रिप्स संचालित होंगी, जबकि 27 अक्टूबर को 286, 28 एवं 29 अक्टूबर को 242-242 विशेष ट्रेनें चलेंगी। इसके बाद 30 एवं 31 अक्टूबर को 263-263 विशेष ट्रिप्स का संचालन किया जाएगा।

रेलवे ने न केवल अतिरिक्त ट्रेनें चलाई हैं बल्कि यात्री सेवाओं और सुविधाओं में भी सुधार किया है। 19 अक्टूबर को सूरत के उधना स्टेशन से 36 हजार से अधिक यात्रियों ने यात्रा की- जो पिछले वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, होल्डिंग एरिया और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई।

यात्रियों ने इस बार रेलवे की स्वच्छता, सुरक्षा और सेवा स्तर की प्रशंसा की है। जबलपुर स्टेशन की स्वच्छता और सुव्यवस्था, बेंगलुरु–कोलकाता ट्रेन की स्वच्छ कोच व्यवस्था तथा अहमदाबाद स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों की सहायता जैसी पहलें यात्रियों के अनुभव को बेहतर बना रही हैं।

———–

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *