हिसार, 15 अगस्त (Udaipur Kiran). Haryana के हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले में एसआईटी ने कोर्ट में 2500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है. पुलिस का कहना है कि तीन महीने की गहन जांच और मजबूत सबूतों के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की गई है.

हिसार के Superintendent of Police शशांक कुमार सावन ने बताया कि ज्योति मल्होत्रा काफी समय से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंटों के संपर्क में थी और भारत विरोधी सूचनाएं साझा कर रही थी. शुरुआत में वह सामान्य यूट्यूबर के रूप में ब्लॉग बनाती थी, लेकिन पाकिस्तान यात्रा के बाद वह पाक एजेंटों के संपर्क में आई और उनसे लगातार बातचीत करने लगी. जांच में खुलासा हुआ है कि ज्योति के मोबाइल में पाक उच्चायोग में तैनात एहसान-उर-रहीम दानिश अली सहित कई आईएसआई एजेंटों से संवाद के साक्ष्य मिले हैं. इनमें शाकिर, हसन अली और नासिर ढिल्लों के नाम भी शामिल हैं.
एसआईटी ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम का गठन किया, जिसमें डीएसपी सुनील, इंस्पेक्टर निर्मला, साइबर सेल इंचार्ज अमित और एसआई सतपाल शामिल रहे. टीम ने तीन महीने की मेहनत के बाद 2500 पेज की रिपोर्ट कोर्ट में पेश की है.
फिलहाल पुलिस ने पहलगाम हमले की जांच को पेंडिंग रखा है. एसआईटी यह पता लगा रही है कि पहलगाम हमले में ज्योति मल्होत्रा की क्या भूमिका थी, क्योंकि वह पाकिस्तान यात्रा के तुरंत बाद पहलगाम पहुंची थी और वहां वीडियो शूट भी किए थे. पुलिस इस मामले में उसकी संलिप्तता की गहराई से जांच कर रही है.