गाजियाबाद, 15 अगस्त (Udaipur Kiran). गाजियाबाद के लोनी इलाके में निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे पर स्टंट करते समय दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दिल्ली के एक शिक्षक समेत दो युवकों की मौत हो गई. हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात यह हादसा उस समय हुआ जब रोहित नामक युवक एक्सप्रेस वे पर अपनी मोटरसाइकिल से स्टंट कर रहा था. उसका दोस्त संजय शर्मा उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से जबरदस्त टक्कर हो गई. इस टक्कर में रोहित और सुबोध गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते वक्त दोनों की मौत हो गई. संजय शर्मा को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
पुलिस ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य अभी अंतिम चरण में है और वहां वाहन चलाने की आधिकारिक अनुमति नहीं है. इसी वजह से यह हादसा हुआ. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.