उदयपुर स्कूल हादसे पर शिक्षा विभाग की सख्ती: एईएन-जेईएन तत्काल निलंबित, संवेदक पर FIR के आदेश

Udaipur school incident news

जयपुर, 16 अगस्त (Udaipur Kiran). स्वतंत्रता दिवस पर उदयपुर के कोटड़ा थाना क्षेत्र के पाथरपाड़ी गांव स्थित पीएम राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुए हादसे को लेकर शिक्षा विभाग ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है. विभाग ने प्रथम दृष्टया लापरवाही के लिए कार्यवाहक सहायक अभियंता हेमसिंह (मूल पद तृतीय श्रेणी अध्यापक) और संविदा पर नियुक्त सिविल कन्सलटेंट को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
इसके अलावा, संबंधित संवेदक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं. जांच पूरी होने तक निलंबित एईएन का कार्यालय अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा, जिला उदयपुर रहेगा.

शिक्षा विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की है. जांच के चलते सहायक अभियंता हेमसिंह को निलंबित रखा गया है, वहीं ब्लॉक स्तरीय एकीकृत शिक्षा संकुल, कोटड़ा जिला उदयपुर में संविदा पर कार्यरत सिविल कन्सलटेंट की सेवाएं राजकार्य में लापरवाही के कारण तत्काल समाप्त करने के आदेश दिए गए हैं. स्वीकृत निर्माण कार्य की संवदेक मैसर्स दिव्यांशी एंटरप्राइजेज द्वारा की गई निर्माण प्रक्रिया में लापरवाही के लिए भी प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस कार्रवाई के निर्देश जारी हुए हैं.

विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि निर्माणाधीन विद्यालय के छज्जे के गिरने से भवन के पास से गुजर रही एक बालिका की मौत हो गई, जबकि दूसरी बालिका घायल हुई है. दोनों बच्चियां विद्यालय की छात्राएं नहीं थीं. साथ ही, निर्माणाधीन भवन में विद्यालय संचालित नहीं था; विद्यालय अन्यत्र संचालित है. हादसा भवन की गुणवत्ता में कमी के कारण नहीं, बल्कि संवेदक द्वारा काम में बरती गई लापरवाही के चलते हुआ. छज्जे में लिंटर की भराई ठीक से नहीं होने और शटरिंग समय से पहले हटा देने के कारण यह दुर्घटना घटी, जिसमें एक मासूम बालिका की जान चली गई.

Leave a Comment