टीवी के लोकप्रिय अभिनेता नकुल मेहता, जिन्होंने धारावाहिक ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ से घर-घर में अपनी खास पहचान बनाई है, इन दिनों एक बेहद सुखद कारण से सुर्खियों में हैं. अभिनेता दूसरी बार पिता बने हैं और इस खुशखबरी को उन्होंने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से अपने प्रशंसकों के साथ साझा किया.

नकुल और उनकी पत्नी के घर इस बार नन्ही लक्ष्मी का आगमन हुआ है. इस खास मौके पर नकुल ने अपनी बेटी की पहली झलक भी फैंस को दिखाई. शेयर की गई तस्वीरों में नकुल अपनी छोटी राजकुमारी को गोद में लेकर बड़े ही प्यार से निहारते नजर आ रहे हैं. ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और प्रशंसक इन पर खूब प्यार लुटा रहे हैं.
नकुल ने अपने पोस्ट के साथ एक भावुक कैप्शन भी साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “वो आ गई है. सूफी के पास आखिरकार अपनी रूममेट मिल गई है. हमारा दिल भर गया है. 15 अगस्त 2025.” नकुल और उनकी पत्नी पहले से ही एक बेटे के माता-पिता हैं, जिसका नाम सूफी है. अब घर में नन्ही परी के आने से खुशियां और भी बढ़ गई हैं.
सोशल मीडिया पर लगातार नकुल मेहता को बधाइयां मिल रही हैं. फिल्म और टीवी जगत के कई सितारे भी इस मौके पर परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं. Actress गौहर खान ने लिखा, “आपके परिवार के लिए बेहद खुश हूं. भगवान की कृपा बनी रहे. बहुत-बहुत बधाई.” वहीं, दीया मिर्जा ने लिखा, “आप चारों के लिए ढेर सारा प्यार.” मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह ने भी नकुल और उनकी पत्नी को बधाई दी. फैंस और सेलेब्स के इस प्यार से जाहिर है कि नकुल की बेटी के आने की खुशी उनके परिवार के साथ-साथ पूरे इंडस्ट्री और चाहने वालों के लिए किसी जश्न से कम नहीं है.