जयपुर एयरपोर्ट पर एतिहाद एयरवेज की जयपुर- अबूधाबी फ्लाइट EY-327 में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को करीब 12 घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. शुक्रवार रात टेकऑफ से ठीक पहले फ्लाइट में तकनीकी दिक्कत आ गई, जिसके चलते यात्रियों को पहले चार घंटे तक विमान में बैठाए रखा गया. जब समस्या दूर नहीं हुई तो यात्रियों को उतारकर एयरपोर्ट पर दो घंटे तक रोका गया.

यात्रियों ने बताया कि देर रात से लेकर सुबह तक उन्हें बिना किसी स्पष्ट सूचना और सुविधा के एयरपोर्ट पर फंसा रहना पड़ा. रात 9 बजे से सुबह 10 बजे तक यात्री असहज और परेशान होते रहे. एयरलाइन द्वारा खाना परोसा गया, लेकिन जैसे ही विमान ने उड़ान भरी, एक बार फिर तकनीकी खराबी सामने आ गई और फ्लाइट को वापस जयपुर एयरपोर्ट लाना पड़ा.
इस अव्यवस्था के चलते कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट भी छूट गई. यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें पूरी रात और सुबह तक स्पष्ट सूचना नहीं दी गई. आखिरकार, करीब 12 घंटे की देरी के बाद, जयपुर से सुबह 9:35 बजे फ्लाइट ने अबूधाबी के लिए दोबारा उड़ान भरी.