जौनपुर, 16 अगस्त (Udaipur Kiran). लाइनबाजार क्षेत्र के कुद्दुपुर बेलवा रामसागर गांव के मोड़ पर Saturday देर रात खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से बाइक सवार युवक टकरा गए. इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है.

कुद्दुपुर बेलवा रामसागर गांव निवासी शुभम (22) पुत्र शिवशंकर गौतम, अपने पड़ोसी जय गौतम (24) पुत्र विजय कुमार गौतम और दीपक गौतम (23) पुत्र दयाराम गौतम के साथ बाइक से कुडवां तिराहे पर जन्माष्टमी के लिए लड्डू खरीदने गए थे. वापसी के दौरान गांव के गेट के पास सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली नजर नहीं आई और इसी से टकरा गए. उसी वक्त सामने से आ रही एक चार पहिया वाहन से भी टकरा गए, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुभम और जय को मृत घोषित कर दिया. दीपक की हालत गंभीर होने के कारण उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया.
क्षेत्राधिकारी शहर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक नशे में थे और खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में जाकर भिड़ गए. शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.