विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ ‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर नई एफआईआर दर्ज
कोलकाता, 18 अगस्त (Udaipur Kiran). फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है. स्वतंत्रता सेनानी गोपाल मुखर्जी उर्फ गोपाल पाठा के पोते संतना मुखर्जी ने आरोप लगाया है कि फिल्म में उनके दादा के चरित्र को गलत तरीके से दिखाया गया है और इसी को लेकर नई एफआईआर दर्ज कराई गई है.

संतना मुखर्जी ने Monday को कहा कि फिल्म में उनके दादा को ‘कसाई’ के रूप में दर्शाया गया है, जो ऐतिहासिक तथ्यों के विपरीत है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार की अनुमति के बिना ही गोपाल मुखर्जी का किरदार फिल्म में शामिल किया गया. संतना मुखर्जी के अनुसार, उनके दादा अनुशीलन समिति के सदस्य थे, कुश्ती में माहिर थे और 1946 के दंगों के दौरान मुस्लिम लीग की हिंसा से लोगों की रक्षा के लिए हथियार उठाए थे. हालांकि वे बकरा मांस की दुकानों के मालिक थे, लेकिन उन्हें ‘कसाई’ कहना गलत है.
इससे पहले भी ‘द बंगाल फाइल्स’ के खिलाफ जुलाई में मुर्शिदाबाद और कोलकाता के लेक टाउन थाने में एफआईआर दर्ज हो चुकी है. आरोप लगाया गया था कि फिल्म के कुछ दृश्य राज्य की सांप्रदायिक सद्भावना को प्रभावित कर सकते हैं.
विवेक अग्निहोत्री और उनकी पत्नी, Actress पल्लवी जोशी ने 31 जुलाई को इन एफआईआर को रद्द कराने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय की एकल पीठ में याचिका दायर की थी. 4 अगस्त को न्यायमूर्ति जय सेनगुप्ता की पीठ ने इन एफआईआर पर अंतरिम रोक भी लगा दी थी.
‘द बंगाल फाइल्स’ को विवेक अग्निहोत्री की ‘फाइल्स’ ट्रिलॉजी का तीसरा भाग माना जा रहा है. इससे पहले 2019 में ‘द ताशकंद फाइल्स’ और 2022 में ‘द कश्मीर फाइल्स’ रिलीज हुई थीं. ममता बनर्जी सरकार पर पहले भी कई बार फिल्मों पर रोक लगाने के आरोप लग चुके हैं.



