कुल्लू में फिर फटा बादल, फ्लैश फ्लड से नुकसान; 24 अगस्त से हिमाचल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

शिमला, 20 अगस्त (Udaipur Kiran). Himachal Pradesh में मानसून का कहर लगातार जारी है. कुल्लू जिले के पीज गांव में आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे बादल फटने से शास्त्री नगर नाले में अचानक पानी बढ़ गया और फ्लैश फ्लड आ गई. इस घटना में नाले में खड़ी 3 से 4 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ घरों में मलबा घुस गया. राहत की बात रही कि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ.

Heavy Rainfall

मंगलवार रातभर हुई भारी बारिश ने ऊना जिले की स्थिति भी बिगाड़ दी. अंब और गगरेट उपमंडलों में सभी शिक्षण संस्थान आज बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं. कुल्लू जिले के मनाली उपमंडल में भी लगातार बारिश के चलते सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है.

राज्य के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे हणोगी के पास भूस्खलन के कारण बंद है. प्रशासन मलबा हटाने में जुटा है, उम्मीद है दोपहर तक हाईवे आंशिक रूप से खुल जाएगा. कुल्लू की ओर जाने वाला वैकल्पिक मार्ग कन्नौज के पास धंस गया है और खोलने में वक्त लग सकता है. पंडोह डैम के पास दयोड क्षेत्र में जमीन धंसने के कारण ट्रैफिक रोक दिया गया है.

कांगड़ा जिले में लगातार बारिश और पौंग डैम से छोड़े गए पानी ने चिंता बढ़ा दी है. डैम का जलस्तर 1383.13 फुट तक पहुंच गया, और पानी छोड़े जाने से ब्यास नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है. प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों से राहत शिविरों में जाने की अपील की है.

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 से 27 अगस्त तक हिमाचल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है और पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 22-23 अगस्त को येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 21 अगस्त को मौसम खराब रह सकता है. बीती रात भरवाई में 68 मिमी, देहरा गोपीपुर में 63 मिमी और पालमपुर में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई. नदियां-नाले उफान पर हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है.

Leave a Comment