जयपुर, 20 अगस्त (Udaipur Kiran). Rajasthan सचिवालय सेवा अधिकारी संघ, जयपुर के चुनाव में अभिमन्यु शर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी शिव शंकर अग्रवाल को 58 वोटों से पराजित किया.

इस बार अध्यक्ष पद के लिए कुल छह उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें अभिमन्यु शर्मा को सर्वाधिक समर्थन मिला. संघ के इतिहास में यह चुनाव खास रहा, जिसमें छह उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की. अभिमन्यु शर्मा को सचिवालय अधिकारियों के बीच उनकी निर्विवाद छवि और कार्यशैली के लिए जाना जाता है.
अध्यक्ष बनने के बाद अभिमन्यु शर्मा ने कहा कि वे संघ के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे और प्रशासन के साथ संवाद बनाकर अधिकारियों की समस्याओं का समाधान करेंगे. उन्होंने सचिवालय सेवा के अधिकारियों को प्रमुख स्थान दिलाने का संकल्प दोहराया.
गौरतलब है कि अभिमन्यु शर्मा ने 2017 में पहली बार अध्यक्ष पद के लिए प्रयास किया था और वे सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने थे. वे 2021 में भी संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं. उनके इस प्रयास में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कजोड़मल मीणा, पूर्व अध्यक्ष महेश व्यास, मेघराज पंवार, देवेंद्र, कपिल देव, पंकज ओझा और अन्य साथियों ने सहयोग दिया.
अब अभिमन्यु शर्मा की जीत से पूरे संघ में नया उत्साह है और अधिकारी वर्ग उनसे महत्वपूर्ण बदलावों की अपेक्षा कर रहा है.