युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर, (Udaipur Kiran). पुलिस थाना कुराबड़ क्षेत्र में युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला करने के मामले में मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लठ भी बरामद कर लिया है, जबकि प्रकरण की आगे की जांच जारी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2025 को गणकोतलिया, बम्बोरा निवासी गजेन्द्र पुत्र रूपलाल ने रिपोर्ट दी थी कि वह अपने दोस्त की अर्टिगा कार लेकर उमरड़ा से भटेवर होते हुए अडीन्दा, चोटिया माताजी मंदिर रोड पहुंचा था. वहां रोड पर खड़ी बेलेनो और अर्टिगा कार में सवार 10-12 लोगों ने उसकी कार रुकवाकर उसका अपहरण कर लिया. आरोपियों ने उसे कराकली ले जाकर जानलेवा मारपीट की और फिर उथरदा दूध डेयरी के सामने सड़क पर छोड़कर फरार हो गए. पीड़ित ने आरोपियों में शंकर पुत्र अमरा पटेल (निवासी कराकली) और सुरेश पुत्र प्रेमचन्द पटेल (निवासी नीमच, थाना सराडा, जिला सलुम्बर) को पहचान लिया.

शिकायत में उल्लेख किया गया कि शंकर लाल की शराब आबकारी विभाग द्वारा जब्त की गई थी, जिसकी मुखबिरी का शक पीड़ित पर था. इसी शक के आधार पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण संख्या 59/2025 धारा 115(2), 189, 140(3), 109 बीएनएस में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया.

जिला Superintendent of Police उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश और अतिरिक्त Superintendent of Police मुख्यालय गोपाल स्वरूप मेवाड़ा व पुलिस उप अधीक्षक वृत्त गिर्वा सूर्यवीर सिंह के सुपरविजन में प्रभुलाल थानाधिकारी, कुराबड़ के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी और आसूचना सहयोग से मुख्य अभियुक्त शंकर लाल पुत्र अमराजी को कराकली, पटेलों की भागल थाना गिंगला, जिला सलुम्बर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लठ भी बरामद किया है. आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट के चार मामले दर्ज हैं.

इससे पहले मामले में आरोपी सुरेश पुत्र प्रेमचंद को भी गिरफ्तार किया जा चुका है और उसकी कार जब्त की गई है.

Leave a Comment