जयपुर, 27 अगस्त (Udaipur Kiran). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बूंदी टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत गुढा देवजी, तहसील नैनवा, जिला बूंदी के ग्राम विकास अधिकारी कन्हैया लाल को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह रिश्वत परिवादी के पिताजी के नाम जारी शुदा पट्टे का पंजीकरण करवाने की एवज में मांगी गई थी.

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि परिवादी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि ग्राम विकास अधिकारी कन्हैया लाल उसके पिताजी के नाम जारी पट्टे का पंजीकरण करवाने के बदले छह हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है. इसी शिकायत पर एसीबी बूंदी के उप Superintendent of Police हरीश भारती के नेतृत्व में ट्रेप की कार्रवाई की गई और ग्राम विकास अधिकारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया.