मध्य प्रदेश में कमजोर पड़ा मानसून, 15 सितम्बर के बाद एक्टिव होगा स्ट्रांग सिस्टम, पूरे प्रदेश में होगी बारिश

  • मंडला-डिंडौरी समेत आज 4 जिलों में बारिश का अलर्ट

भोपाल, 10 सितम्बर (Udaipur Kiran News). Madhya Pradesh में इस समय मानसून का टर्फ सिस्टम कमजोर पड़ गया है, जिससे तेज बारिश का सिलसिला थम गया है और कई जिलों में धूप खिल गई है. मौसम विभाग का कहना है कि 15 सितम्बर के बाद एक बार फिर मजबूत सिस्टम सक्रिय होगा, जिसके चलते पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर लौटेगा. हालांकि, आज बुधवार को भी कुछ जिलों में वर्षा होने की संभावना बनी हुई है. इस सीजन में अब तक प्रदेश में औसतन 41.4 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है.

Bango Dam gates open

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून टर्फ प्रदेश के ऊपर से गुजर रहा है, जबकि अन्य सिस्टम अभी दूर हैं. इसी कारण कुछ क्षेत्रों में बारिश हो रही है, जबकि अधिकतर जगहों पर धूप निकल रही है. विभाग ने बताया कि 15 सितम्बर के बाद एक्टिव होने वाला नया सिस्टम पूरे प्रदेश में जोरदार बारिश लेकर आएगा.

आज बुधवार को जिन जिलों में बारिश का अनुमान है, उनमें मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर और बालाघाट शामिल हैं. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा शेष जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

पिछले 24 घंटे का हाल
मंगलवार को प्रदेश के 11 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज हुई. भोपाल में ढाई घंटे में डेढ़ इंच पानी गिरा, सागर में सवा इंच और छिंदवाड़ा-मलाजखंड में आधा इंच से अधिक वर्षा हुई. नर्मदापुरम, रायसेन, नरसिंहपुर, सतना, डिंडौरी, उमरिया और सीधी में भी हल्की बारिश दर्ज की गई. वहीं, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में तेज धूप खिली रही.

कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश के चलते भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर बढ़ गया. मंगलवार दोपहर 1 बजे भदभदा डैम का एक गेट खोला गया. शाम तक डैम से करीब 7 एमसीएफटी पानी छोड़ा गया. लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी. बाणगंगा चौराहे पर सड़क पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

Leave a Comment