जयपुर, 12 सितंबर (Udaipur Kiran News). Rajasthan सरकार ने परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए बड़ा निर्णय लिया है. अब प्रदेशभर में आरटीओ इंस्पेक्टर और अधीनस्थ अधिकारी चालान कम्पाउंड के दौरान नकद राशि स्वीकार नहीं करेंगे. चालान की रकम केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा कराई जा सकेगी.

परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 11 सितंबर 2025 से सभी प्रकार के जुर्माने और शुल्क का भुगतान अनिवार्य रूप से ऑनलाइन होगा. इस आदेश की सख्त पालना सुनिश्चित करने के लिए सभी क्षेत्रीय एवं जिला परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. साथ ही आमजन को नई व्यवस्था से अवगत कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा.
दरअसल सरकार लंबे समय से चालान प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल करने की दिशा में कार्यरत थी. ट्रैफिक पुलिस पहले ही मौके पर चालान काटने के बाद नकद राशि स्वीकार करना बंद कर चुकी है और वाहन मालिकों को भुगतान केवल ऑनलाइन करना होता है. अब परिवहन विभाग ने भी इसी व्यवस्था को अपनाते हुए नकद लेन-देन पर रोक लगा दी है. इसके लिए एनआईसी के वरिष्ठ तकनीकी निदेशक को ऑनलाइन भुगतान प्रणाली के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी दी गई है. विभाग का कहना है कि इस कदम से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनेगी.