उदयपुर, 12 सितम्बर (Udaipur Kiran News). भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी संकाय के इतिहास विभाग की ओर से विभिन्न संकायों के इतिहास विद्यार्थियों को शैक्षिक रैली के माध्यम से आहड़ संग्रहालय का भ्रमण करवाया गया.

रैली को कुल सचिव डॉ. निरंजन नारायण सिंह राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “संग्रहालय हमारी संस्कृति के मूल स्रोत होते हैं. हमारे देश की प्राचीन परंपराओं और इतिहास को जानने का यह सबसे उपयुक्त माध्यम है. विद्यार्थियों के लिए ऐसे शैक्षिक भ्रमण नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए.”
कार्यक्रम में कला संकाय अधिष्ठाता डॉ. माधवी राठौड़, सह-अधिष्ठाता डॉ. हेमेन्द्र सिंह शक्तावत, शिक्षा संकाय अधिष्ठाता डॉ. शशि चित्तौड़ा और विधि संकाय अधिष्ठाता डॉ. आशुतोष पितलिया भी उपस्थित रहे.
विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन कर्नल प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत, विद्या प्रचारिणी सभा के मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह आगरिया और भूपाल नोबल्स संस्थान के प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह राठौड़ ने रैली के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि Indian ज्ञान परंपरा के आलोक में ऐसे आयोजन अत्यंत प्रासंगिक हैं.
रैली संयोजक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज आमेटा ने बताया कि इतिहास के व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करने के उद्देश्य से यह रैली आयोजित की गई. इसमें विभिन्न संकायों के 160 विद्यार्थियों ने भाग लिया और आहड़ संग्रहालय का भ्रमण किया. इस दौरान विभाग के डॉ. भानु कपिल, डॉ. नरेन्द्र सिंह राणावत सहित अन्य संकाय सदस्य भी मौजूद रहे.