हुगली, 02 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) . नवमी की रात हुगली जिले के चंदननगर में एक बंद फ्लैट से एक लापता व्यवसायी का शव बरामद हुआ. मृतक का नाम वसीम आक्रम (30) है, जो हावड़ा के गोलाबाड़ी इलाके का रहने वाला था. वसीम पेशे से मणि-रत्न व्यवसायी था.
परिवार वालों के अनुसार, वसीम 28 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 9 बजे घर से निकले थे. उसके बाद से उनकी कोई खबर नहीं मिली. परिवार का दावा है कि उस समय उनके पास लगभग 60 लाख मूल्य के पुखराज, चूनी और नीलम जैसे कीमती रत्न थे. वसीम को चंदननगर के काजी मोहसिन से मिलने जाना था.
परिजनों ने बताया कि उन्होंने वसीम को कई बार फोन किया, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला. बाद में जब उन्होंने काजी मोहसिन से संपर्क किया, तो पहले उन्होंने कहा कि रात करीब साढ़े 10 बजे वसीम उनके पास आए थे और चले गए. लेकिन बाद में उन्होंने यह बात पूरी तरह से नकार दी और कहा कि वह कल्याणी में हैं. इससे परिवार का संदेह और बढ़ गया और हावड़ा के गोलाबाड़ी थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई.
बुधवार रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चंदननगर के एक आवासीय परिसर में छापेमारी की. वहां एक बंद फ्लैट से वसीम का शव बरामद किया गया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक के हाथ टेप से बंधे हुए थे. आशंका है कि उन्हें साजिश के तहत बुलाकर हत्या की गई.
पुलिस ने गुरुवार को शव को पोस्टमॉर्टेम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि इस घटना में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं. पुलिस काजी मोहसिन सहित कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है.
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय