
कामरूप (Assam), 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) . घोग्रापार निवासी कमल बोडो को उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के लिए रंगिया मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) द्वारा बुधवार को सम्मानित किया गया. कमल बोडो ने रंगिया–घोग्रापार रेल खंड में रेलवे ट्रैक पार करते हुए नौ जंगली हाथियों को देखा था और तुरंत इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा संबंधित रेलवे अधिकारियों को दी थी.
रेलवे सूत्रों के अनुसार, सूचना मिलते ही अधिकारियों ने एहतियाती कदम उठाए, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सका और हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई. अधिकारियों ने बताया कि इस रेल खंड में पहली बार हाथियों की आवाजाही दर्ज की गई है, जिससे यह सूचना और भी महत्वपूर्ण हो गई.
डीआरएम ने बोडो की सजगता की सराहना करते हुए कहा कि आम नागरिकों का ऐसा सहयोग रेलवे सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है.
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश