धमतरी : नगरी में कुत्ते ने तेंदुए को खदेड़ा, रोमांचक दृश्य सीसीटीवी में कैद

धमतरी, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) . शाम ढलते ही जंगल से सटे इलाकों में दहशत का माहौल बनता जा रहा है. दिन जल्दी ढलने और अंधेरे का फायदा उठाकर वन्य प्राणी अब रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंचने लगे हैं. ऐसा ही एक रोमांचक और चौंकाने वाला दृश्य धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र नगर पंचायत नगरी के देवपुर स्थित राम मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि देर रात एक तेंदुआ आबादी क्षेत्र में दाखिल होता है. इसी दौरान एक पालतू कुत्ता तेंदुए को देखकर पीछे हटने के बजाय उस पर झपट पड़ता है. कुत्ते की आक्रामकता से घबराकर तेंदुआ कुछ ही पलों में वहां से भाग खड़ा होता है. यह दृश्य कुछ सेकंड का जरूर है, लेकिन लोगों के रोंगटे खड़े कर देने वाला है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों अंधेरा जल्दी होने के कारण शाम होते ही तेंदुआ, भालू जैसे वन्य प्राणी गांव और बस्तियों के आसपास देखे जा रहे हैं. स्थिति यह है कि सूर्यास्त के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में डरने लगे हैं और बच्चों को अकेले बाहर भेजना खतरे से खाली नहीं माना जा रहा. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रिसगांव क्षेत्र में तेंदुए ने घर के बाहर खेल रहे सात वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया था. बच्चे का शव बाद में जंगल में मिला, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल फैल गया था. लगातार बढ़ रही इन घटनाओं ने वन्य प्राणियों की बढ़ती आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से गश्त बढ़ाने, चेतावनी व्यवस्था मजबूत करने और रिहायशी इलाकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
—————
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा



