धमतरी : नगरी क्षेत्र को सिंचाई में नई संजीवनी: फुटहामुड़ा नहर परियोजना से बदलेगा ग्रामीण परिदृश्य

फुटहामुड़ा नहर परियोजना के तहत नहर के लिए खुदाई की जा रही है.
फुटहामुड़ा नहर परियोजना के तहत नापजोख करते हुए विभागीय कर्मचारी.

धमतरी, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) . धमतरी जिले के नगरी विकासखंड में बहुप्रतीक्षित फुटहामुड़ा नहर निर्माण परियोजना अब तेज गति से आगे बढ़ रही है. यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है, जिससे किसानों के जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है.

फुटहामुड़ा नहर का निर्माण गंगरेल जलाशय के सैंडल डैम, ग्राम फुटहामुड़ा से प्रारंभ होकर लगभग 19.74 किलोमीटर लंबाई में किया जा रहा है. परियोजना के पूर्ण होने पर नगरी विकासखंड के 22 ग्रामों के लगभग 1940 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सुनिश्चित सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी. इससे खरीफ के साथ-साथ रबी फसलों का रकबा बढ़ेगा और किसानों की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

परियोजना के क्रियान्वयन में प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक प्रगति हो चुकी है. मुख्य नहर से प्रभावित 10 ग्रामों में कुल 14.33 हेक्टेयर भूमि का भू-अर्जन पूर्ण कर लिया गया है. वहीं वन प्रकरण से प्रभावित 24.42 हेक्टेयर भूमि की अंतिम चरण की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है. इसके साथ ही निर्माण कार्य में आने वाली प्रमुख प्रशासनिक बाधाएं दूर हो गई हैं, जिससे कार्य अब निर्बाध गति से आगे बढ़ रहा है.

जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग के अनुसार यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी. सिंचाई सुनिश्चित होने से किसानों की आय में वृद्धि होगी, कृषि आधारित रोजगार के अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण पलायन पर भी प्रभावी रोक लगेगी.कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने परियोजना को नगरी क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि फुटहामुड़ा नहर परियोजना नगरी विकासखंड के किसानों के लिए दीर्घकालीन लाभ देने वाली योजना है. प्रशासन की प्राथमिकता है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए. यह परियोजना कृषि समृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देगी.

उल्लेखनीय है कि, पिछले माह उच्च स्तरीय अधिकारियों द्वारा स्थल का दौरा कर निर्माण प्रगति, तकनीकी पक्षों एवं आवश्यक संसाधनों का गहन निरीक्षण किया गया था. अधिकारियों के मार्गदर्शन में अब कार्य को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है. फुटहामुड़ा नहर परियोजना को नगरी अंचल में हरित क्रांति की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है.

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Leave a Comment