मध्य प्रदेश पुलिस ने अपराधी गिरोहों की 89 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त कर बढ़ाई सुरक्षा

भोपाल, 13 जनवरी. Madhya Pradesh (Madhya Pradesh) पुलिस ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराधी गिरोहों से 89 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है. यह कार्रवाई चोरी, डकैती और अन्य संगठित अपराधों में लिप्त गिरोहों के खिलाफ विभिन्न जिलों में की गई है.

पुलिस की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पिछले चार दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में संपत्ति से जुड़े गंभीर अपराधों पर तेजी और प्रभावी समन्वित कार्रवाई हुई है. इस दौरान चोरी, डकैती, नकबजनी एवं संगठित अपराधों के कई गिरोहों का पर्दाफाश किया गया है. विशेष रूप से विदिशा जिले की कोतवाली पुलिस ने अरिहंत ज्वैलर्स डकैती कांड का सफलता पूर्वक खुलासा किया है.

इस मामले में 260 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण, 180 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ और आठ विशेष टीमों की संयुक्त कार्रवाई के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस प्रकरण में लगभग 13 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है. इसी तरह, छतरपुर जिले के थाना लवकुश नगर क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से 2.6 तोला सोना, 1.435 किलोग्राम चांदी और नकद सहित लगभग 5 लाख रुपए की संपत्ति बरामद हुई है.

इंदौर में हीरानगर थाना पुलिस ने मोबाइल टावरों से 5G नेटवर्क उपकरण चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है. चोरी किए गए नेटवर्क उपकरणों और घटना में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 9 लाख 30 हजार रुपए मूल्य के सामान बरामद किए गए हैं. इसके अलावा, थाना द्वारकापुरी पुलिस ने नकबजनी की चार वारदातों में शामिल शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लगभग 5 लाख 20 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है.

देवास पुलिस ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत CCTV कैमरों की मदद से सूने घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया. पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि जब्त की है. इसके अतिरिक्त उज्जैन, मंडला और सीहोर पुलिस ने भी कई मामलों में सफलता हासिल की है.

एसएनपी/डीकेपी

Leave a Comment