Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 2,250 प्रदर्शकों और 5 लाख से अधिक आगंतुकों की रही रिकॉर्ड भागीदारी, 11,200 करोड़ की हुई व्यावसायिक पूछताछ

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

गौतम बुद्ध नगर, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो सोमवार को संपन्न हो गया, इसने खुद को राष्ट्रीय व्यापार कैलेंडर में एक मील का पत्थर स्थापित किया है। पांच दिवसीय यह शो इंडिया एक्सपो सेंटर में एक प्रभावशाली समापन सत्र के साथ समाप्त हुआ। इस वर्ष शो में 2,250 से अधिक प्रदर्शकों की उपस्थिति रही और कुल 5,07,099 से अधिक आगंतुक पहुंचे, जिनमें 1,40,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुक और 3,66,364 आम आगंतुक शामिल रहे।

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव सूक्ष्म लघु उद्योग एव औद्योगिक आयुक्त आलोक कुमार ने शो की विस्तृत उपलब्धियां साझा करते हुए बताया कि 2,228 प्रदर्शक, 85 देशों से आए 525 अंतर्राष्ट्रीय खरीदार, 1,40,735 घरेलू बी2बी खरीदार और 3,66,364 बी2सी विज़िटर इस आयोजन का हिस्सा बने। 1,10,000 वर्ग मीटर का पूरा प्रदर्शनी क्षेत्र बुक हुआ और अतिरिक्त स्थान की व्यवस्था भी करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो सोनी रूस पार्टनर कंट्री रहा, जिसने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। 26 सितम्बर को आयोजित इंडिया–रूस बिज़नेस डायलॉग में 111 बी2बी मीटिंग्स हुईं, जिनमें 30 रूसी कंपनियों ने 90+ भारतीय एमएसएमई और निर्यातकों से मुलाकात की। चर्चाओं में मैन्युफैक्चरिंग, ऊर्जा, अवसंरचना, आईटी और डिजिटल सॉल्यूशंस, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन और पशुपालन जैसे क्षेत्र प्रमुख रहे। इंडो–रशियन बिज़नेस राउंडटेबल में 50 से अधिक गणमान्य व्यक्ति और उद्योग जगत के नेता शामिल हुए।

आयोजन में कुल 17 नॉलेज सेशंस आयोजित किए गए। इनमें नीति-निर्माता, उद्योग जगत के नेता, वैश्विक खरीदार और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल हुए। चर्चाओं के केंद्र में विकसित यूपी 2047, 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में स्टार्ट-अप्स की भूमिका और एमएसएमई के लिए ई-कॉमर्स की क्षमता जैसे विषय रहे।

उन्होंने बताया कि ट्रेड शो के तीसरे संस्करण में लगभग 11,200 करोड़ की व्यावसायिक पूछताछ दर्ज हुई। आयोजन में सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत और वैश्विक संस्थानों के बीच कुल 2,400 से अधिक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए, जिनकी कुल राशि ₹1,882 करोड़ रही।

उन्होंने बताया कि यह कॉन्क्लेव युवाओं को नवाचारी बिज़नेस आइडिया प्रस्तुत करने का मंच भी बना। 113 स्टॉल्स के साथ इसमें 49 फ्रैंचाइज़ ब्रांड, 64 मशीनरी सप्लायर और 26 बिज़नेस ऑन व्हील्स मॉडल्स प्रदर्शित हुए। 7,500 से अधिक रजिस्ट्रेशन, 8,300 बिजनेस इंक्वायरी और 2,000 से अधिक छात्रों की सक्रिय भागीदारी दर्ज की गई।

इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन और सह-आयोजक, राकेश कुमार ने सामूहिक प्रयासों की सराहना की और प्रदर्शकों को आयोजन की वास्तविक शक्ति बताया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों सहित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ने ऐसी साझेदारियों को बढ़ावा दिया है, जो आने वाले वर्षों तक आजीविका को मजबूती देंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / सुरेश चौधरी

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *