Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

एमडीएसयू में 38वीं अंतर-महाविद्यालय बास्केटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता शुरू

टीम भावना, लक्ष्य निर्धारण व अनुशासन की सीख देते खेल— कुलगुरु
टीम भावना, लक्ष्य निर्धारण व अनुशासन की सीख देते खेल— कुलगुरु

अजमेर, 5 दिसंबर (Udaipur Kiran) । महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू) के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के लिए समग्र शिक्षा अत्यंत आवश्यक है, जिसमें मन, शरीर और आत्मा का संतुलन हो। खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें टीम भावना, लक्ष्य निर्धारण तथा अनुशासन का पाठ पढ़ाती हैं।

कुलगुरु प्रो. अग्रवाल शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 38वीं अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता में आठ महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। इस अवसर पर कुलसचिव कैलाश चंद्र शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चंद्र, खेल सचिव डॉ. तपेश्वर कुमार सहित विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।

कुलसचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि खेल का मैदान जीवन के कई महत्वपूर्ण सबक देता है और सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण व सतत प्रयास की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में प्रो. प्रवीण माथुर, डॉ. आशीष पारीक, प्रो. नरेश धीमान, डॉ. संजय तोमर, डॉ. शायना शेरानी, डॉ. परमार, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. लारा शर्मा सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विवेक भारद्वाज ने किया।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चंद्र ने बताया कि प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में एमएलवी महाविद्यालय, भीलवाड़ा की टीम ने बांगड़ गवर्नमेंट कॉलेज, डीडवाना को 87-74 के स्कोर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, अजमेर ने प्रताप सिंह बारहठ गवर्नमेंट कॉलेज, शाहपुरा को 42-23 के अंतर से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

खेल सचिव डॉ. तपेश्वर कुमार के अनुसार फाइनल मुकाबला शनिवार को सुबह 10:30 बजे एमएलवी कॉलेज, भीलवाड़ा और एसपीसी गवर्नमेंट कॉलेज, अजमेर के बीच खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल (महिला) प्रतियोगिता का आयोजन 7 दिसंबर से विश्वविद्यालय प्रांगण में किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *