Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

शहीद स्मारक मंडी में मनाया 1971 युद्ध की स्मृति में 54वां विजय दिवस समारोह, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

विजय दिवस पर वीर नारियों के साथ उपायुक्त।

मंडी, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मंडी शहर के इंदिरा मार्केट स्थित शहीद स्मारक में जिला प्रशासन, सैनिक कल्याण विभाग, जिला पूर्व सैनिक लीग तथा डिफेंस वुमेन वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 1971 भारत-पाक युद्ध की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में 54वां विजय दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन, वीर नारियों, पूर्व सैन्य अधिकारियों, जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर 1971 युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को स्मरण किया गया।

समारोह में उपायुक्त अपूर्व देवगन ने 1971 भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की वीर नारियों विशन देवी पत्नी शहीद सिपाही जय सिंह, चिंता देवी पत्नी शहीद सिपाही किशन चंद, निर्मला देवी पत्नी शहीद नायक अमर सिंह, कृष्णा देवी पत्नी शहीद सिपाही नरोत्तम राम, तुलसी देवी पत्नी शहीद लांस नायक महंत राम, विमलकांत पत्नी शहीद सिपाही कृष्ण चंद तथा विमला कुमारी पत्नी शहीद सिपाही खूब राम को सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि विजय दिवस जैसे आयोजनों में वीर नारियों को मुख्य अतिथि का सम्मान मिलना चाहिए क्योंकि वास्तविक सर्वोच्च बलिदान उन्हीं परिवारों ने दिया है। इसी भावना के तहत उन्होंने स्वयं दूसरी पंक्ति में बैठकर यह संदेश दिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में वीर नारियों को सर्वोच्च सम्मान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे केवल सहयोगी की भूमिका में हैं और आगे भी उनका स्थान इसी प्रकार रहेगा।

उपायुक्त ने कहा कि आज देश जिस शांति, सुरक्षा और विकास के वातावरण में आगे बढ रहा है, वह सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। 1971 के युद्ध में मंडी जिले के 21 जवान शहीद हुए थे। उन्होंने कहा कि सैनिकों की सेवा और बलिदान के कारण ही आज देशवासी बिना भय के स्वतंत्र जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने समस्त जिला वासियों की ओर से वीर नारियों और वीर सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *