Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

उदयपुर–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर 6 वाहनों की आपस में टक्कर, 4 की मौत

उदयपुर–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर 6 वाहनों की आपस में टक्कर, 4 की मौत

उदयपुर, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

उदयपुर–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर गोगुंदा थाना क्षेत्र के पीर बावजी के समीप रविवार शाम करीब 5.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पत्थरों से भरे एक बेकाबू ट्रेलर के टैंकर से टकराने के बाद फॉर्च्यूनर कार सहित तीन अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर पिंडवाड़ा की ओर से तेज गति में आ रहा था। पीर बावजी के पास अचानक अनियंत्रित होकर ट्रेलर सामने चल रहे टैंकर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर में भरे पत्थर सड़क पर बिखर गए। इसके बाद पीछे से आ रही फॉर्च्यूनर कार और अन्य वाहन एक-एक कर दुर्घटनाग्रस्त होते चले गए। फॉर्च्यूनर कार टक्कर के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के चलते करीब दो घंटे तक हाईवे पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कई वाहन चालकों को रास्ते में ही रुकना पड़ा। फॉर्च्यूनर कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में सबसे अधिक समय लगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

गिर्वा सर्किल के डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जिनकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। सभी मृतकों के शव गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। घायलों में प्रताप सिंह (65), गगांधर (40) और बंशीलाल (50) को गंभीर हालत में उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं गुजरात के साबरकांठा निवासी विक्रम हीराजी ठाकुर (29) का गोगुंदा अस्पताल में उपचार जारी है। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाजपा उदयपुर (देहात) जिलाध्यक्ष पुष्करलाल तेली सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रेलर के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें आठ से अधिक लोग अलग-अलग वाहनों में फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और सड़क पर बिखरे पत्थरों को हटाया गया। शाम करीब 7.30 बजे हाईवे पर यातायात सुचारू किया जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *