Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने जीता गोल्ड, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मप्र के शूटर ऐश्वर्य प्रताप

भोपाल, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने मंगलवार को राजधानी भोपाल स्थित राज्य शूटिंग अकादमी में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के अंतर्गत 50 मीटर राइफल इवेंट के पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन फाइनल मुकाबले में 470.5 का वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर बनाकर गोल्ड मेडल हासिल किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बेटे और शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने स्पर्धा में वर्ल्ड रिकार्ड से अधिक स्कोर कर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऐश्वर्य को उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि आगामी खेलों में भी खिलाड़ियों द्वारा ऐसे ही प्रदर्शन होंगे और प्रदेश का गर्व बढ़ेगा।

खेल मंत्री सारंग ने 50 मीटर राइफल इवेंट के विजेताओं को किया सम्मानित

भोपाल स्थित राज्य शूटिंग अकादमी में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के अंतर्गत 50 मीटर राइफल इवेंट के फाइनल मुकाबले एवं पदक वितरण समारोह में मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सहभागिता करते उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनसे संवाद किया। इस अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा कि मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी आज विश्व की श्रेष्ठ शूटिंग अकादमियों में अपनी पहचान बना चुकी है। यहाँ खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्याधुनिक सुविधाएँ, श्रेष्ठ प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया गया है।

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल, खिलाड़ी और खेल अधोसंरचना के सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में खेल संचालक राकेश गुप्ता, संयुक्त संचालक बी. एस. यादव सहित राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण पदकमध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 597/600 अंक अर्जित किए तथा फाइनल में 470.5 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही डेफ केटेगरी में अकादमी के खिलाड़ी कुशाग्र सिंह राजावत ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

उल्लेखनीय है कि इस स्पर्धा में मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के सीनियर, जूनियर, यूथ, डेफ एवं हैंडीकैप्ड केटेगरी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न श्रेणियों में पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक एवं प्रेरणादायी रहा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *