Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

गुरुग्राम जोन-1 में 89 लाख टैक्स बकाया, चार प्रॉपटी सील

गुरुग्राम के जोन-1 में प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने पर सीलिंग करते नगर निगम के अधिकारी।

-नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों पर सख्ती

गुरुग्राम, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम गुरुग्राम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बकाएदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को निगम की जोन-1 टीम ने चार प्रॉपर्टीज को सील किया। इन संपत्तियों पर कुल मिलाकर करीब 89 लाख रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया पाया गया।

यह कार्रवाई टैक्स इंस्पेक्टर पंकज सलूजा के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा की गई। सील की गई प्रॉपर्टीज सेक्टर-37 स्थित पेस सिटी-2, उद्योग विहार फेज-3 तथा सेक्टर-35 क्षेत्र में स्थित हैं।

संबंधित प्रॉपर्टीज पर 35,29,615 रुपये, 16,78,765 रुपये, 16,73,722 रुपये एवं 20,85,451 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इन सभी प्रॉपर्टी मालिकों को टैक्स भुगतान के लिए पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद जब तय समय सीमा में टैक्स का भुगतान नहीं किया गया, तो निगम को सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम की आय का प्रमुख स्रोत प्रॉपर्टी टैक्स है और इससे ही शहर में स्वच्छता, सडक़, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स बकाया रखने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

निगमायुक्त ने सभी प्रॉपर्टी मालिकों से अपील की कि वे समय पर अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बकाएदार स्वेच्छा से टैक्स का भुगतान करते हैं तो निगम की कार्रवाई से बचा जा सकता है, लेकिन लापरवाही बरतने वालों पर कानून के अनुसार सख्ती की जाएगी। आने वाले दिनों में अन्य जोनों में भी बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की जांच कर सीलिंग अभियान को और तेज किया जाएगा।

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *