छात्रा से स्कूल आते जाते अपराधी प्रवृत्ति का मनचला करता है छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज

नोएडा, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । थाना जेवर में एक छात्रा ने मनचले के खिलाफ स्कूल आते जाते अश्लील हरकत व छेड़छाड़ करने का आराेप लगाया है।
पीड़ित छात्रा ने आपराधी किस्म के मनचले द्वारा छेड़छाड़ और उसके भाइयों को जान से मारने की धमकी दिए जाने की तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेवर थाना के निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने शनिवार काे बताया कि कस्बा जेवर में रहने वाली एक छात्रा ने बीती रात शुक्रवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ती है और उनके पड़ोस में रहने वाला जीतन पुत्र चंद्र उसे आए दिन परेशान करता है। जब वह स्कूल जाती है तो उसे रोक कर गाड़ी में बैठाने का प्रयास करता है तथा बात करने के लिए बाेलता है। पीड़ित छात्रा के अनुसार वह गंदी-गंदी बातें करता है। वह कहता है कि अगर तू मेरी बात नहीं मानी तो तेरे दोनों भाइयों की हत्या कर दूंगा। पीड़ित ने आरोपित गुण्डा किस्म का व्यक्ति है और क्षेत्र में काफी आतंक हाेने की बात कही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आराेपित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / सुरेश चौधरी



