Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

मसीही समाज की निकली भव्य क्रिसमस रैली, मेनोनाइट चर्च में सप्ताहभर से उल्लास

क्रिसमस पूर्व मसीही समाज द्वारा रविवार शाम को क्रिसमस रैली निकाली गई।
मेनोनाईट चर्च में कार्यक्रम की प्रस्तुति देते हुए समाज के बच्चे।

धमतरी, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । क्रिसमस पर्व के पावन अवसर पर मसीही समाज में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में रविवार को मसीही समाज द्वारा शहर में भव्य क्रिसमस रैली निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

सुंदरगंज स्थित मेनोनाइट चर्च में क्रिसमस को लेकर पूरे सप्ताह विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों में बच्चों ने प्रभु यीशु मसीह के अमर संदेशों को वचन, गीत और नृत्य-नाटिका के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। धार्मिक गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं नृत्य-नाटिकाओं के जरिए प्रभु यीशु द्वारा समाज को दिए गए प्रेम, शांति और सेवा के संदेशों को जीवंत रूप में दर्शाया गया।

रविवार शाम को निकाली गई क्रिसमस रैली मेनोनाइट चर्च से प्रारंभ होकर रत्नाबांधा, मकई चौक, बालक चौक, सदर बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मेनोनाइट चर्च पहुंची। रैली के दौरान प्रभु यीशु के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक रैली का स्वागत किया। क्रिसमस रैली और चर्च में आयोजित कार्यक्रमों ने न केवल मसीही समाज को, बल्कि पूरे शहर को प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश दिया।

इस रैली में रेवरेंट आशीष मिलाप, सचिव सेवक अनिल राघवा, सेवक किरण जॉनसन, एस.सी. स्क्रिप्टि, योगेश लाल, सपना पाल, रतना लाल, अनामिका हीराधार, विजय बागमरिया, नितेश बेटे, अभिषेक मिर्जा, स्वप्निल सोनवानी, चंद्रदीप सिंह, सर्वेश नाथन, प्रणय वचन, ग्लोरी लाल, ग्रेसी लाल, मिताश लाल, वेरोनिका लाल, नीतिका कल्यारी, होस्ना मिलाप सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल रहे। मालूम हो कि क्रिसमस पर्व को लेकर सुंदरगंज स्थित मेनोनाइट चर्च के अलावा शहर के सभी चर्च की आकर्षक विद्युत सजावट की गई है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *