शिवसागर में लगी भयावह आग, तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठान जलकर राख

शिवसागर (असम), 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शिवसागर शहर के फूकन नगर स्थित कालीबाड़ी रोड पर बुधवार को लगी भीषण आग में तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर राख हो गए। यह हादसा शहर के व्यस्त इलाके में काली मंदिर के समीप हुआ, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते तीनों प्रतिष्ठान इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास की इमारतों को बचा लिया गया।
हालांकि, इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश



